रुद्रपुर: उपचुनाव में दोनों सीटें जीतने पर कांग्रेसियों ने मनाया जश्न, की आतिशबाजी

खबर शेयर करें -

रूद्रपुर। मंगलौर और बद्रीनाथ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर कांग्रेसियों ने भगत सिंह चौक पर एकत्र होकर जश्न मनाते हुए मिष्ठान वितरण किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने उपचुनाव के परिणामों को भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का परिणाम बताया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा की अगुवाई में तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता शनिवार को भगत सिंह चौक पर एकत्र हुए। कांग्रेसियों ने मंगलौर और बद्रीनाथ विधानसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए मिष्ठान वितरित किया। इस अवसर पर आतिशबाजी भी की गयी। जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि जाति और धर्म के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा का घमण्ड एक बार फिर चूर चूर हो गया है। धर्मनगरी अयोध्या के बाद बद्रीनाथ में भाजपा की हार ने यह साबित कर दिया है कि अब धर्म के नाम पर राजनीति नहीं चलेगी।

हिमांशु गावा ने कहा कि दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव में भाजपा सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी थी। मुख्यमंत्री खुद इन दोनों सीटों को जीतने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे थे। हिमांशु गावा ने कहा कि दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव के हार से भाजपा की उलटी गिनती शुरू हो गयी है। भाजपा सरकार से प्रदेश की जनता का मोह भंग हो चुका है। मंगलौर और बद्रीनाथ की जनता ने भाजपा सरकार के खिलाफ जनादेश देकर भ्रष्टाचार, महंगाई और जनविरोधी नीतियों का करारा जवाब दिया है।

महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि उत्तराखण्ड की जनता अब भाजपा नेताओं के जुमलों को अच्छी तरह समझ चुकी है, अभी तो भाजपा की हार की शुरूआत हुयी है, आगामी निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव में भी भाजपा का बुरा हश्र होगा। उसके बाद 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेश में पूर्ण बहुमत से सरकार बनायेगी। महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने कहा कि उत्तराखण्ड में मंगलौर और बद्रीनाथ उपचुनाव से शुरू हुआ कांग्रेस विजय रथ अब आगे रूकने वाला नहीं है। कांग्रेस पुनः सत्ता में लौटेगी और जनता को जनविरोधी नीतियों से निजात दिलायेगी।

इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सौरभ चिलाना, पूर्व दर्जा मंत्री हरीश बावरा, अनिल शर्मा, पूर्व मेयर प्रत्याशी ममता रानी, उमा सरकार, प्रकाशशर्मा, प्रवेश कुरैशी, बाबू खान, उमर अली, संदीप चीमा, योगेश चौहान, फुदेना साहनी, बाबू विश्वकर्मा, रामाधारी गंगवार, साजिद खां आदि मौजूद थे।

webtik-promo