
हल्द्वानी। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, परमाणु ऊर्जा तथा अंतरिक्ष विभाग भारत सरकार एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग भारत सरकार आदि द्वारा आठवीं “इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल (IISF) 2022” का भोपाल मध्य प्रदेश में 21 जनवरी से 24 जनवरी तक आयोजन किया गया। जिसमें यंग साइंटिस्ट कांफ्रेंस के अंतर्गत देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 300 शोधकर्ताओं द्वारा अपने शोध पत्र के पोस्टर प्रस्तुत किए गए। पोस्टर प्रतियोगिता में एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी के भौतिक विज्ञान विभाग की शोध छात्रा हिमानी तिवारी को भौतिक विज्ञान श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ। हिमानी तिवारी भौतिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा चारु चंद्र ढोंढियाल के निर्देशन में अपना शोध कार्य कर रही हैं। इससे पूर्व भी हिमानी को यूकोस्ट द्वारा 2020 में यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड मिल चुका है। हिमानी की इस उपलब्धि पर विभाग के सभी प्राध्यापक एवं प्राचार्य द्वारा उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए बधाई दी गई।