
पिथौरागढ़। लक्ष्मण सिंह महर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पिथौरागढ़ के छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी प्रत्याशी रितिक पांडेय ने जीत दर्ज की है। उन्होंने एनएसयूआई प्रत्याशी दीपक सिंह को हराया। वहीं सचिव पद पर अनिल खाती निर्वाचित हुए। छात्रसंघ के कुल 8 पदों में से तीन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि अन्य पदों पर चुनाव के लिए महाविद्यालय के 7 हजार तीन सौ 34 छात्र छात्राओं में से 3 हजार दो सौ 83 विद्यार्थियों ने मताधिकार का प्रयोग किया।
अध्यक्ष पद पर एबीवीपी प्रत्याशी रितिक पांडेय ने अपने प्रतिद्वंदी एनएसयूआई प्रत्याशी दीपक सिंह को 340 वोटों के अंतर से पराजित किया। रितिक को 1,770 जबकि दीपक को 1,430 मत प्राप्त हुए।
छात्र उपाध्यक्ष पद पर अंकित ज्याला निर्विरोध चुने गए जबकि छात्रा उपाध्यक्ष पद पर चित्रा जोशी ने प्रतिद्वंदी नेहा को 736 वोटों से शिकस्त दी। चित्रा को 1,853 जबकि नेहा को 11 सौ 17 वोट मिले।
सचिव पद पर अनिल खाती ने प्रतिद्वंदी मनोज जोशी को हराया। अनिल को 1,991 जबकि मनोज को करीब 900 वोट मिले। वहीं संयुक्त सचिव पद पर मयंक चंद तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के पद पर शिवम कापड़ी निर्विरोध चुने गए। छात्र संघ कोषाध्यक्ष पद पर दीपक खोलिया और सांस्कृतिक सचिव पद के लिए गौरव चंद्र पंत निर्वाचित हुए।