
देहरादून। पुलिस ने फांसी के फंदे में झूल रही महिला की जान बचा ली। अगर थोड़ी देर और हो जाती तो महिला का बचना मुश्किल था। जानकारी के अनुसार कालसी क्षेत्र से पुलिस को सूचना मिली कि घरेलू झगड़े के कारण एक महिला ने आत्महत्या की बात कहते हुए अपने आपको कमरे में बंद कर लिया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अशोक राठौड़ पुलिस कर्मियों के साथ लगभग चार किलोमीटर दूर स्थित घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। मात्र छह मिनट में ही यह दूरी तय करते हुए पुलिस ने घर में पंहुचकर कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। महिला मरणासन्न स्थिति में पंखे से लगाए गए फंदे पर झूल रही थी। पुलिस कर्मियों ने महिला को फंदे से उतारकर उसे होश में लाया। पुलिस महिला को लेकर पीएचसी कालसी पंहुची जहां उसका उपचार किया जा रहा है। महिला खतरे से बाहर बताई जा रही है। अगर थोड़ी देर और हो जाती तो महिला को बचाना मुश्किल था। लोगो ने महिला की जान बचाने के लिए पुलिस की प्रशंसा की है।